फर्रुखाबाद में संचालित मदरसों में छात्रवृत्ति का खेल बड़े पैमाने पर चल रहा है। इस वर्ष हुई मदरसा शिक्षा परिषद की परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्रों के शामिल न होने से ये प्रमाणित भी हो गया। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने इस खेल को रोकने व मदरसों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने को कमर कस ली है।
छात्रवृत्ति में खेल करने वाले 64 मदरसे चिह्नित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने इनमें संसाधन व छात्र संख्या का सत्यापन कराने को टीमें गठित कर दी हैं। जनपद में 153 मदरसे संचालित हैं। मदरसा शिक्षा परिषद की परीक्षा में कुल 3213 छात्र पंजीकृत थे। पहली पाली में 2159 व दूसरी पाली में 1054 छात्रों को परीक्षा में शामिल होना था।
25 फरवरी से पांच मार्च तक चली परीक्षा में लगातार छात्र संख्या घटती गई। पहली पाली में मात्र 888 छात्रों ने पेपर दिया, जबकि 1271 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरी पाली में करीब 175 छात्र गैरहाजिर रहे। इन पंजीकृत छात्रों के खातों में पहले ही छात्रवृत्ति पहुंच चुकी है। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों के परीक्षा से गायब होने से मदरसे संदेह के घेरे में आ गए।