चंबल एक्सप्रेस का इंजन डगमगाया, आधे घंटे खड़ी रही ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
मानिकपुर। प्रयागराज से बांदा की ओर आ रही चंबल एक्सप्रेस का इंजन कई स्थानों पर बफरिंग करने पर चालक ने ट्रेन बहिलपुरवा स्टेशन पर रोक दी। स्टेशन मास्टर के अनुसार इससे आगे चलकर इंजन के पटरी से उतरने की संभावना थी। जानकारी होते ही मानिकपुर से तकनीकी विशेषज्ञों को बुलाकर इसे ठीक कराया गया। तब जाकर ट्रेन आगे बढ़ी।
बुधवार की दोपहर लगभग 12 बजकर 15 मिनट पर चंबल एक्सप्रेस मानिकपुर से चित्रकूट बांदा की ओर रवाना हुई। जैसे ही कुछ दूर आगे बढ़ी तो इंजन में बफरिंग होने से चालक ने गति धीमी कर दी। अप्रिय घटना की संभावना पर चालक ने बहिलपुरवा स्टेशन पर ट्रेन खड़ी कर दी। स्टेशन प्रबंधक आरएस सिंह ने बताया कि तत्काल मानिकपुर स्टेशन पर तकनीकी टीम को इसकी जानकारी दी गई। मानिकपुर से छह सदस्यीय टीम बहिलपुरवा पहुंची। आधे घंटे तक इंजन के पहियों को दुरूस्त करने के बाद दोपहर 12 बजकर 56 मिनट पर ट्रेन सकुशल आगे रवाना की गई। स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि बफरिंग से इंजन के पहियों में डगमगाहट आ जाती है और पहिए पटरी पर सही तरीके से नहीं ठहरते जिससे गति तेज होने पर इंजन पटरी से उतर सकता है। पहियों में कोई खराबी होने से यह समस्या आई है।