कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली के बारा जोड़ के पास हाईवे पार कर रही महिला को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने रौंद दिया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। वहीं, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दूसरी ओर रायपुर में हाइड्रा की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई।
शुक्रवार शाम दस्तमपुर मिश्रिरपुर निवासी कैलाश की पत्नी बेलापति (50) बारा जोड़ के पास हाईवे पार रही थी। तभी अकबरपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ने बस लेकर भागने की कोशिश की। सूचना पर बारा पुलिस चौकी ने टोल के पास घेराबंदी करके बस चालक को पकड़ लिया। बस फजलगंज डिपो की है। इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की है। बारा चौकी इंचार्ज रामजी दुबे ने बताया कि बस चालक को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज होगी। वहीं, रायपुर में हाईवे पार करने के दौरान हाइड्रा की चपेट में आकर धंजुआ पहाड़पुर के अरविंद कुशवाहा की पत्नी महेश्वरी (45) की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गई। इधर, हाइड्रा छोड़कर चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा कराया। दूसरी ओर रायपुर की एक फैक्ट्री से ड्यूटी करके साइकिल से वापस अपने गांव जा रहे रुस्तमपुर सचेंडी निवासी मनोज अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा। चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं घायल युवक को जिला अस्पताल भेजकर वाहन की तलाश की जा रही है।