फोटो-18- अपने कार्यालय में खिलाड़ियों का सम्मान करते डीएम।
ताइक्वांडो में जिले के तीन खिलाड़ियों ने जीता सोना
डीएम ने फूल माला पहनाकर किया स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। मलेशिया में हुई वर्ल्ड ताइक्वांडो ओपन प्रतियोगिता में जिले के तीन खिलाड़ियों ने सोना जीता है। इनमें दो युवक और एक महिला खिलाड़ी हैं। प्रतियोगिता पहली मार्च से चार मार्च तक मलेशिया के कुआलालंपुर में हुई। इसमें 19 देशों के 970 प्रतिभागी शामिल हुए थे। सोना जीतकर लौटे तीन खिलाड़ियों का डीएम कुमार प्रशांत ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया।
फतेहपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन की अगुवाई में जिले से 54 किलो भार वर्ग में पवनेश कुमार और उत्कर्ष पटेल तथा 73 किलो भार वर्ग में प्रिया कश्यप विश्व स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में मलेशिया शामिल होने गए थे। कोच के रूप में एसोसिएशन के प्रमोद कुमार पांडेय भी गए थे। 19 देशों की इस प्रतियोगिता में तीन खिलाड़िय़ों ने स्वर्ण पदक पर कब्जा कर जिले के साथ देश का भी नाम रोशन किया है। शुक्रवार को वापस लौटे खिलाड़ियों का डीएम कुमार प्रशांत ने स्वागत किया। सीएमओ वीके पांडेय, ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा, जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष रोहिताभ सोलंकी, अनिकेत मेहरोत्रा, योगेश कुमार, अभिजीत सिंह भी मौजूद रहे।