फर्रुखाबाद। राजेपुर क्षेत्र मेें बिजली चोरी पकड़ने के बाद छोड़ने के लिए बीस हजार रुपयों की मांग करने का वीडिया वायरल हुआ है। इस वीडियों में टीम सौंदेबाजी करती नजर आ रही है। यह मामला विभागीय अधिकारियों तक भेजा गया है।
शासन के आदेश पर बिजली चोरी रोकने को शुरू हुआ अभियान धन उगाही का साधन बन गया है। शनिवार को राजेपुर क्षेत्र में बिजली चेकिंग टीम ने एक दुकान पर चोरी से बिजली जलती पकड़ी। उसकी केबल उतार ली और एफआईआर दर्ज करवाने की बात कहीं। दुकानदार ने छोड़ने के लिए कहा तो टीम के सदस्य ने सौंदा करना शुरू
कर दिया। एफआईआर न कराने के लिए दुकानदार से 20 हजार रुपये की मांग की। काफी देर तक सौंदेबाजी चलती रही। इसी बीच किसी ने इसका वीडियो बना लिया। टीम ने आखिर पांच हजार रुपये में सौंदा किया। लेकिन रुपये न मिलने पर टीम के सदस्य एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देकर चले आए। जो वीडियो बनाया गया वाट्सएप पर वायरल कर दिया। जिसमें चेकिंग अभियान में किस तरह अवैध वसूली हो रही है। इसकी पोल खुल गई है। एक्सईएन रमेश चंद्रा ने बताया कि इसकी जानकारी नहीं है। वह इस मामले को दिखवाएंगे। अगर ऐसा हुआ है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बिजली चोरी पकड़ने पर रिश्वत मांगने का वीडियो हुआ वायरल
राजेपुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान पकड़ी थी बिजली चोरी
अमर उजाला ब्यूरो