अमर उजाला ब्यूरो
इटावा।
जिले में अलग अलग स्थानों में सड़क दुर्घटनाओं में एक बाइक सवार की मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाइवे पर गांव पिलखर के सामने हुई जहां किसी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
बकेवर थाना क्षेत्र के गांव नगला खादर निवासी हरेंद्र यादव पुत्र हाकिम सिंह अपनी बाइक से इटावा से घर लौट रहा है। वह हेलमेट नहीं लगाए था। पिलखर के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में चोटें आईं। लोगों ने पड़ा देखा और उसे अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसकी मौत हो जाने की पुष्टि की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
दूसरी घटना फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत भरथना चौराहा के पास हुई जहां ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार कछियांत इकदिल निवासी अर्जुन शाक्य पुत्र श्यामसुंदर घायल हो गया।
तीसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत कचौरा रोउ पर हुई जहां किसी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार सुल्तानपुर कला निवासी पंकज पुत्र फौरन सिंह व उसका साथी इकदिल निवासी सूर्य प्रकाश पुत्र सुरेश चंद्र घायल हो गया। इसके अलावा बढ़पुरा थाने के समाने बाइक के फिसल जाने से बढ़पुरा निवासी राजेश कुमार पुत्र तेज सिंह घायल हो गया।