अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज।
शहर के मोहल्ला मकरंदनगर में गुरुवार की रात जीटी रोड पर स्थित जनरल स्टोर व मिठाई की दुकान में नकब लगाकर चोरों ने तीन लाख से अधिक की नगदी व सामान पार कर दिया। मामले में पीड़ित ने सदर कोतवाली में तहरीर दी है।
मकरंदनगर मोहल्ला निवासी सर्वेश कुमार पुत्र मन्नीलाल की जीटी रोड पर मिठाई की दुकान है। रात के समय चोर दीवार में नकब लगाकर दुकान के अंदर घुस गए। इसके बाद मिठाई की दुकान की दूसरी दीवार काटकर मकरंदनगर निवासी राममोहन चतुर्वेदी पुत्र बृजकिशोर की पान शॉप व जनरल स्टोर की दुकान में घुस गए। चोरों ने दुकान के अंदर से करीब 12 हजार रुपये की नगदी के अलावा तीन लाख रुपये के मसाले सिगरेट समेत कई अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। इसी तरह मिठाई की दुकान में रखी 6500 रुपये की नगदी के अलावा गैस भट्ठी ले गए। सुबह होने पर राममोहन व सर्वेश कुमार ने अपनी दुकानों के शटर खोले तो सामान बिखरा पाया। मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने आस-पास के लोगाें से जानकारी ली। उधर सूचना मिलते ही व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रामजी अग्रवाल, राज शर्मा, अरविंद दुबे श्याम, यतेंद्र स्वरुप सक्सेना समेत कई व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों ने कोतवाली प्रभारी से मुलाकात की। व्यापारियों ने पुलिस को बताया कि त्योहार होने के चलते व्यापारी अपनी दुकानों में माल भर रहे हैं। उन्होंने रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। चोरों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।
तीन माह पहले भी इसी दुकान में हुई थी चोरी
कन्नौज। मकरंदनगर में राममोहन चतुर्वेदी की पान शाप व जनरल स्टोर की दुकान में तीन माह पहले भी चोरी हो चुकी है। सुरक्षा के लिए राम मोहन ने दुकान के अंदर चारों ओर टीन शेड लगा रखा था। लेकिन चोरों ने छत की ओर टीन शेड के ऊपर नकब लगा कर घटना को अंजाम दिया।
दो दुकानों में नकब लगाकर लाखों का माल पार
- व्यापारियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाए जाने की मांग की