कानपुर। नर्वल तहसील में डिफेंस कॉरिडोर औद्योगिक परियोजना के लिए जमीन का बैनामा करा चुके 60 किसान 15 दिन से भुगतान के लिए अफसरों के चक्कर लगा रहे हैं। किसानों का कहना है कि रजिस्ट्री के बाद जमीन चली गई, लेकिन अब तक खाते में एक रुपया नहीं पहुंचा। मामला हाथीपुर, महाराजपुर और फुफुवार सुईथोक गांवों का है।
परियोजना के विस्तार के लिए 18 सितंबर को फुफुवार के पांच किसानों से बैनामा कराने की शुरुआत हुई थी। अब तक 60 किसानों की रजिस्ट्री हो चुकी है। किसान विनय प्रताप सिंह, दीपिका, महेंद्र, युवराज और विराट ने बताया कि तहसील से लेकर एडीएम भूमि अध्याप्ति कार्यालय और ट्रेजरी तक जानकारी कर चुके हैं। उनका कहना है कि भुगतान में देरी से ब्याज का नुकसान हो रहा है। एसडीएम नर्वल सत्यपाल प्रजापति ने बताया कि तहसील स्तर से भुगतान की कार्रवाई पूरी कर दी गई है। एडीएम (भूमि अध्याप्ति) आनंद मोहन उपाध्याय ने बताया कि शासन ने मुआवजे के लिए कोषागार में 25 करोड़ रुपये भेजे हैं। तीन या पांच अक्तूबर से किसानों के खातों में धन भेजा जाएगा। (ब्यूरो)