यूपी के औरैया जिले में सदर कोतवाली के देवकली चौकी क्षेत्र में पशु व्यापारी से वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह ने स्वाट टीम प्रभारी समेत छह पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला सात सितंबर की देर रात का है। जालौन से पशुओं को लेकर एक व्यापारी औरैया आ रहा था। देवकली चौकी के निकट टाटा सूमो पर सवार पुलिस वालों ने उसे रोका और गाड़ी के कागज लेकर उसे चौकी पर बुलाया।
आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उससे रुपये मांगे। न मिलने पर गोवंश के आरोप में जेल भेजने की धमकी दी। सिपाहियों ने उसे केबिन में ले जाकर मारपीट भी की और रुपये छीन लिए। पीड़ित ने बताया कि उसने अपने भाई को फोन करके रुपये मंगवाए और पुलिस टीम को 66 हजार 400 रुपये दिए। इसके बाद रात लगभग तीन बजे उसे जाने दिया गया।