लोकसभा चुनाव के 5वें चरण के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुई
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव 2019 के पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की बांदा फतेहपुर समेत 14 सीटों पर कल मतदान होगा। मतदान से ठीक एक दिन पहले हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी संसदीय सीट की विधानसभा चरखारी के ग्राम फदना की पोलिंग बूथ संख्या 127 में 29 अप्रैल को मतदान के बाद ईवीएम गायब होने के बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी सहदेव ने 6 मई को पुनर्मतदान कराने के लिए रविवार को कलेक्ट्रेट से पोलिंग पार्टी रवाना कर दी है।
मतदान के बाबत ग्रामीणों को जानकारी देने के लिए गांव में शनिवार की रात को और रविवार की सुबह डुगडुगी पिटवाई गई। पोलिंग पार्टी ने चुुनाव कराने के लिए फदना पोलिंग बूथ पर पहुंचकर डेरा जमा लिया है। गौरतलब है कि 29 अप्रैल को ग्राम फदना के बूथ संख्या 127 की ईवीएम स्ट्रांग रूम तक न पहुंच पाने के कारण हड़कंप मच गया था।
बूथ के लिए रवाना होतीं पोलिंग पार्टियां
- फोटो : अमर उजाला
प्रशासनिक अधिकारियों के रातभर तलाश करने के बाद भी ईवीएम नहीं मिली। हालांकि अगले दिन सुबह 9 बजे ईवीएम मतदान के पास मिल गई। जिसकी सूचना जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव आयोग को भेज दी थी। चुनाव आयोग के निर्देश पर अब 6 मई को पुनर्मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे कराया जाएगा।
दो दिन तक ग्राम फदना में कई-कई बार डुगडुगी पिटवाकर ग्रामीणों को पुनर्मतदान के होने के बाबत जानकारी दी गई। साथ ही, मतदाताओं से बढ़चढ़कर मतदान में हिस्सा लेने को कहा गया। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से एक सब इंस्पेक्टर, कांस्टेबल और होमगार्ड की ड्यूटी लगा दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी सहदेव ने बताया कि अब मात्र एक बूथ पर चुनाव होना है, इसलिए सारे अधिकारियों की नजर इसी बूथ पर रहेगी।
मतदान की घोषणा समर्थकों ने किया संपर्क
फदना गांव की एक पोलिंग बूथ पर पुर्नमतदान की घोषणा के बाद राजनैतिक दल भी सक्रिय हो गए हैं। रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर, गठबंधन प्रत्याशी के भाई रवि सिंह, कांग्रेस के वृंदावन राजपूत आदि ने अपने समर्थकों के साथ फदना गांव में जनसंपर्क कर अपने-अपने पक्ष में वोट मांगे।