कानपुर देहात। गेहूं की सरकारी खरीद के बाद क्रय एजेंसी पीसीयू ने अब 58 और किसानों का बकाया 42.67 लाख भुगतान किया है। अब इस एजेंसी पर केवल चार किसानों का भुगतान बाकी है।
पीसीयू क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने वाले 62 किसानों का भुगतान नहीं हो सका था। करीब दो माह से किसान परेशान थे। रूरा के मंडी समिति परिसर में पीसीयू के क्रय केंद्र पर गेहूं बिक्री कर भुगतान नहीं होने पर मल्टी देवी, रामकृष्ण, दुर्गा प्रसाद, रामशंकर आदि ने अफसरों से शिकायत की थी। अब 58 किसानों को पीएफएमएस के जरिए भुगतान किया गया है।
पीसीयू के जिला प्रबंधक अवधेश कुमार ने बताया कि अब रूरा के दो, मालतीपुर व पितांबरपुर के एक-एक किसान का भुगतान बाकी है। बैंक खाता नंबर मिसमैच से दिक्कत है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी शिशिर कुमार ने बताया कि छह क्रय एजेंसियों के 64 केंद्रों पर कुल 11740 किसानों से गेहूं की खरीद की गई थी।
पीसीयू ने 1629 किसानों से गेहूं खरीदा था। 58 किसानों का लंबित भुगतान कर दिया गया है। अब इस एजेंसी के चार व खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने वाले तीन किसानों का भी भुगतान बाकी है। (संवाद)