कानपुर देहात। जिले में बुधवार को 54 मरीजों ने कोरोना को मात दी। इसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं जिले में आठ और नए संक्रमित मिले हैं। उन्हें होम आइसोलेट कर उपचार शुरू कर दिया गया है।
जिले में कोरोना का ग्राफ अब कम होने लगा है। एक दिन पहले हुई 1508 लोगों की जांच में महज आठ मरीज संक्रमित निकले। तत्काल उनके संपर्क में आए लोगों की जांच के लिए सैंपल लिया गया। संबंधित एरिया में सैनिटाइजेशन कर वहां आवागमन पर रोक लगा दी गई। सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने बताया कि जिले में बुधवार को कोरोना को मात देकर 54 मरीज स्वस्थ हुए हैं।
वहीं जिला जेल में 19 संक्रमित मरीजों का उपचार किया जा रहा है। अब जिले में 353 एक्टिव केस बचे हैं। केंद्रीय विद्यालय में चार, ट्रामा सेंटर के एल-टू में 11 संक्रमितों का उपचार किया जा रहा है। 162 हॉटस्पॉट एरिया अभी भी सक्रिय हैं। वहां कर्मी लगातार सैनिटाइजेशन कर रहे हैं।
347 लोगों को लगाया गया टीका
कानपुर देहात। जिले में बुधवार को 12 अस्पताल के 29 केंद्रों पर कुल 347 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। इसमें 284 लोगों को पहली व 63 को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई। अमरौधा, डेरापुर, झींझक, मैथा, मलासा, राजपुर, रसूलाबाद आदि अस्पतालों के 19 केंद्रों पर वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने एक भी लोग नहीं पहुंचे।