झींझक (कानपुर देहात)। दिल्ली हावड़ा रेलवे रूट के झींझक स्टेशन के पास मालगाड़ी के पहिये में आग लगने से अप लाइन पर 18 घंटे तक ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। राजधानी, स्वर्ण शताब्दी, पुरुषोत्तम, श्रमशक्ति एक्सप्रेस समेत 12 ट्रेनों को लूप लाइन से धीमी गति से निकाला गया। दोपहर एक बजे मालगाड़ी सही होने पर अप लाइन का यातायात बहाल हो सका।
कानपुर से दिल्ली की ओर कोयला लादकर जा रही एमआईजी मालगाड़ी के एक वैगन के हाट एक्सल होने से पहिये में आग लग गई थी। इससे ट्रेन को झींझक स्टेशन की अप मेन लाइन पर रोकना पड़ा। ट्रेन के जिस वैगन के हाट एक्सल हुआ था उसे काटकर ट्रेन को आगे जाना था किंतु रात में संटिग न होने से मालगाड़ी रात भर अप लाइन पर ही खड़ी रही। इससे राजधानी, स्वर्ण शताब्दी, संगम, ऊंचाहार, श्रमशक्ति, अनन्या, रीवा, पुरुषोत्तम, सियालदाह समेत करीब 12 ट्रेनों को धीमी गति से अप की लूप लाइन से गुजारा गया। शुक्रवार को हाट एक्सल वाले वैगन को काटकर करीब 1 बजे मालगाड़ी को रवाना किया किया। यातायात निरीक्षक बीके मीणा ने बताया अप लाइन पर यातायात बहाल हो गया है।