कानपुर देहात। नए साल के आगाज को लेकर पूरा शहर जश्न में डूबा गया। पूरी रात पार्टियों के दौर चलता रहा। देर रात तक लोग एक-दूसरे को बधाई देने में मशगूल रहे। वहीं रनियां स्थित होटलों व रेस्टोरेंट में साल की विदाई व नए साल के स्वागत के लिए युवा देर रात तक डीजे में धमाल मचाते रहे।
साल 2019 के स्वागत के लिए प्रमुख बाजार सज चुके हैं। दुकानों में तरह-तरह के गिफ्ट आइटम की भरमार है। हालाकि की ग्रीटिंग कार्डों की बिक्री बेहद कम रही लेकिन सोशल मीडिया पर बधाई संदेश का सिलसिला सोमवार शाम से ही शुरू हो गया। खुशबू सचान, रोहित कुमार, सबिया, मुलायम आदि युवाओं ने कहा कि वैज्ञानिक युग में लोग इंटरनेट से जुड़े हैं सोशल मीडिया के माध्यम से बिना किसी खास लागत व कम समय में शुभकामना संदेशों का अदान प्रदान कर सकते हैं। खासतौर पर युवा वर्ग ग्रीटिंग कार्ड भेजने में बिल्कुल रुचि नहीं रखता है। लोगों के पास अब ग्रीटिंग खरीदने व उसे पोस्ट करने का समय नहीं है। युवाओं ने कहा कि बदलते समय के अनुसार लोगों को अपडेट होना चाहिए। वहीं नए साल के स्वागत के लिए होटलों को झालर व रंग बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया है। शाम होते ही होटलों में युवाओं के नाचने गाने का दौर शुरू हो गया। फिल्मी गानों पर युवा देर रात तक धमाल मचाते रहे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी नए साल के स्वागत को लेकर उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने डीजे पर डांस कर नए साल का स्वागत किया। वहीं अकबरपुर, झींझक, रनियां आदि क्षेत्रों में फूलों की दुकानें खूब सजी रहीं। दुकानदार फूलों के गुलदस्ता गिफ्ट देने के लिए तैयार करते रहे। फूलों की दुकानें सजी देखकर लगा कि आज भी फूल देकर बधाई देने का क्रेज कायम है।