उन्नाव। लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर गहरा-करियाखेड़ा के बीच गिट्टी लादकर सीतापुर जा रहे ट्रक चालक को लुटेरों ने निशाना बनाया। दूसरे ट्रक में सवार लुटेरों ने चालक के साथ मारपीट कर 50 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित कोतवाली पहुंचा और घटना की जानकारी दी। दो थानाक्षेत्रों के बीच घटनास्थल होने से पीड़ित ट्रक चालक की सुनवाई नहीं हो रही है।
कानपुर की घाटमपुर कोतवाली के गांव हिरनी निवासी रज्जाक पुत्र रामजानी दस अक्तूबर को ट्रक पर कानपुर देहात से गिट्टी लादकर सीतापुर जा रहा था। लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर गहरा-करियाखेड़ा के बीच पीछे से आ रहे ट्रक ने ओवरटेक कर उसके आगे गाड़ी आगे लगा दी। ट्रक सवार तीन लुटेरों ने उसे लोहे के राड से पीटा। जिससे वह बहोश हो गया। इसके बाद लुटेरे ट्रक में रखी 50 हजार रुपये की नगदी लेकर भाग निकले। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस घायल ट्रक चालक को जिला अस्पताल ले गई। जहां से उसे हैलट रेफर कर दिया। तब से वह हैलट में इलाज करा रहा था। रज्जाक के पास इलाज के भी सारे कागज थे। जिसमें गंभीर चोटें थीं। कोतवाली आए पीड़ित ने पुलिस को पूरी व्यथा बताई। पुलिस ने उसे कार्रवाई का आश्वासन दिया पर बाद में गहरा गांव का जिक्र देखकर अचलगंज थाने का मामला बताकर चलता कर दिया। पीड़ित ने एसपी से मामले की शिकायत की बात की है। वहीं, एसएसआई चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि ट्रक चालक का आपसी मारपीट का मामला है। घटनास्थल उसने गहरा बताया है। इसलिए अचलगंज थाने जाकर शिकायत करने की बात कही गई है।