घाटमपुर (कानपुर)। कोतवाली के स्योंदी-ललईंपुर गांव के निकट शुक्रवार की दोपहर पिकप की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इधर, बाइक में टक्कर मारने के बाद पिकप भी रोड किनारे खड्ढ में पलट गया।
थाना सजेती के ग्राम सरगांव निवासी ओमप्रकाश कश्यप (55) अपने पुत्र संदीप कश्यप (25) के साथ बाइक से घाटमपुर की बाजार आया था। दोपहर बाद 3 बजे के आसपास वह वापस गांव लौट रहे थे। जैसे ही स्योंदी-ललईंपुर गांव के पास पहुंचे। तभी, सामने से आ रहे पिकप का अगला टायर पंचर हो गया और बाइक से भिड़ने के बाद रोड किनारे खड्ढ में जाकर पलट गया। वाहन पलटते ही चालक मौके से फरार हो गया। पिकप की चपेट में आकर बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर घायल हो गए। दोनों को पीएनसी की एंबुलेंस से सीएचसी घाटमपुर पहुंचाया गया जहां से उनको कानपुर रेफर किया गया है। बाइक संदीप चलाए था और वह हेलमेट भी नहीं लगाए था जिससे उसके सिर पर चोट आई है।
ग्रामीणों ने रोडवेज बस के शीशे तोड़े
घाटमपुर। जिस वक्त हादसा हुआ ठीक उसी समय महोबा डिपो की एक रोडवेज बस पीछे से आ गई। कुछ लोगों ने समझा कि हादसा रोडवेज की टक्कर से हुआ है। ग्रामीणों ने बस को दौड़ा लिया। हड़बड़ी में चालक ने बस को तेजी से भगा दिया। इसी दौरान घाटमपुर के पास एक बाइक सवार उसकी चपेट में आते बचा। उसने फोन पर अपने साथियों को सूचना दे दी। कूष्मांडा देवी मंदिर के पास कुछ युवकों ने बस को रोककर उसके शीशे तोड़ डाले। परिचालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता वार्ता हुई।