हुसैनगंज। थाना क्षेत्र के मवई गांव में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस युवक के परिजन और रिश्तेदारों पर भी संदेह कर रही है। हालांकि आशनाई के बिंदु पर वह मुख्य रूप से कार्य कर रही है। शुक्रवार को पुलिस ने युवक के बड़े भाई, पड़ोसी गांव के एक रिश्तेदार और गांव के एक शख्स से घंटों सवाल-जवाब किया। बड़े भाई व रिश्तेदार को पुलिस शाम तक थाने में बैठाए रही।
मवई गांव निवासी किशनपाल पासवान के बेटे जितेंद्र पासवान का गुरुवार की सुबह गांव से कुछ फासले पर नहर पटरी पर शव मिला था। उसे कनपटी में सटाकर गोली मारी गई थी। युवक के पिता ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को जांच में एक करीबी रिश्तेदार से आशनाई का शक है। उस आशनाई के चक्कर में
परिवार में विवाद भी हो चुका था। पुलिस ने शुक्रवार को युवक के बड़े भाई राजेश और पड़ोसी गांव के रहने वाले एक रिश्तेदार से ज्यादा पूछताछ की। बड़े भाई राजेश ने घटना के बाद कुछ लोगों को यह बयान दिया था कि उसके भाई को दो लोग रात में बुलाकर ले गए थे। उसने उनके नाम भी उजागर किए पर, बाद में जब तहरीर पहुंची तो अज्ञात में। ऐसे में राजेश व परिवार के बयान में अंतर को लेकर भी तरह-तरह के कयास लग रहे हैं। कार्यवाहक थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि युवक के भाई और रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, अभी तक हत्या के खुलासे से संबंधित कोई सुराग नहीं लग पाया है।
युवक की हत्या में पुलिस खाली हाथ
युवक के बड़े भाई, एक रिश्तेदार व गांव के शख्स से घंटों हुई पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो