अमर उजाला ब्यूरो
तालग्राम।
दवा लेकर बेटे के साथ साइकिल से घर लौट रही महिला से लूटपाट कर भाग रहे दो लुटेरों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस की गिरफ्त में आए लुटेरों से पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ शुरू की है।
थानाक्षेत्र के गांव मायानगर में रहने वाले सुभाष कुमार की पत्नी गुड्डी देवी की कई दिनों से तबीयत खराब चल रही है। रविवार को वह पुत्र सौरभ के साथ साइकिल से कस्बे एक चिकित्सक के पास दवा लेर्ने आइं थीं। शाम करीब 6:30 बजे वह पुत्र के साथ साइकिल घर जा रहीं थीं। तभी मंडाला और अतरौली गांव की मोड़ के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर स्टार सिटी बाइक से पहुंचे दो युवकों ने सौरभ को रोक लिया। रास्ता पूछने का बहाना बनाते हुए एक युवक तमंचा लेकर उनके पास पहुंच गया और तमंचे के बल पर सौरभ से मारपीट कर उसकी मां से कान के झाले लूट कर दोनों बाइक सवार भाग निकले। लूट का शिकार होने के बाद सौरभ ने तत्काल इसकी सूचना थाना प्रभारी सुरेश कुमार को दी। थाना प्रभारी ने नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद थाना प्रभारी ने दोनों लुटेरों को बाइक से भागते समय गिरफ्तार कर लिया।
थाने ले जाकर दोनों से पूछताछ की। इस दौरान एक लुटेरे ने अपना नाम उमेश पुत्र मुन्ना और दूसरे ने अपना नाम राजवीर पुत्र लालशाह निवासीगण नौदापुर थाना जहानगंज जिला फर्रुखाबाद बताया है। दोनों लुटेरों की क्राइम हिस्ट्री खंगालने पर पुलिस को जानकारी मिली कि उमेश के खिलाफ कई जनपदों में आपराधिक मुकदमें दर्ज है और वह हिस्ट्रीशीटर है। जबकि राजवीर के बारे में पुलिस जानकारी कर रही है। पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
लूटकर भाग रहे दो लुटेरों को दबोचा
- बेटे के साथ साइकिल से घर लौट रही महिला से बाइक सवारों ने की लूट
- सूचना मिलते ही तालग्राम पुलिस ने घेराबंदी कर भाग रहे लुटेरों को पकड़ा