अमर उजाला ब्यूरो
तालग्राम। डेंगू ने 24 घंटे के भीतर दूसरी जिंदगी निगल ली। शनिवार सुबह युवक की मौत के बाद रात करीब साढ़े 12 बजे सैफई में इलाज के दौरान कांशीराम कालोनी निवासी बच्चे की डेंगू के चलते मौत हो गई। इकलौते पुुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्र की कांशीराम कालोनी निवासी रामसेवक का साढ़े तीन साल का पुत्र अंश करीब एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। तीन दिन तक परिजनों ने गांव के ही एक झोलाछाप से उसका इलाज कराया। कोई फायदा न होने पर परिजनों ने बुधवार को अंश को फतेहगढ़ के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां खून की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने बच्चे को सैफई मिनी पीजीआई भेज दिया। यहां भी खून की जांच में डेंगू पाया गया। शनिवार रात करीब साढ़े 12 बजे अंश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मां रानी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे तालग्राम चेयरमैन दिनेश सिंह यादव ने मौके पर जाकर लोगों को ढांढस बंधाया और स्वास्थ्य विभाग से टीम भेजकर गांव में कैंप लगवाने और लोगों के रक्त की जांच की मांग की है। एमओआईसी मोहम्मद इरशाद ने बताया कि टीम भेजकर जांच कराएंगे।
दो की हालत बिगड़ी, कानपुर रेफर
तालग्राम। मझैया गांव में शनिवार को बुखार से वृद्ध की मौत के बाद रविवार को गांव के ही रामकरन (35) पुत्र जसवंत और अभिषेक (15) पुत्र राजेश की हालत गंभीर हो गई। दोनों करीब पांच दिनों से बुखार की चपेट में हैं। सीएचसी से दोनों को गंभीर हालत में कानपुर के लिए रेफर किया गया है।
तालग्राम सीएचसी में नहीं डेंगू टेस्ट किट
तालग्राम। क्षेत्र में डेंगू से 24 घंटे के भीतर दो लोगों की मौत हो गई। लेकिन स्वास्थ्य विभाग को इसकी परवाह नहीं है। सीएचसी तालग्राम में तो डेंगू टेस्ट किट तक नहीं है। रविवार को अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद सीएचसी प्रभारी ने टेस्ट किट की मांग मुख्यालय भेजी है। एमओआईसी मो. इरशाद ने बताया कि सीएचसी में टेस्ट किट न होने से डेंगू की जांच नहीं हो पा रही है। किट की मांग की गई है। कुछ दिन पहले गांवों में कैंप लगाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खून की जांच के लिए स्लाइडें बनाईं थीं, उनकी रिपोर्ट मुख्यालय से अभी उन्हें नहीं मिली हैं।
तालग्राम में डेंगू से एक और मौत
-24 घंटे के भीतर बीमारी से क्षेत्र में हुई दूसरी मौत
-साढ़े तीन साल के बच्चे का सैफई मिनी पीजीआई हो रहा था इलाज