कंपिल। थाना क्षेत्र के जिंजौटा बुजुर्ग में रिश्तेदारी से घर लौटते समय बाइक सवार को रुदायन-कंपिल मार्ग पर हमलावरों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायल ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी। गंभीर हालत में उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पड़ोसी जिला एटा थाना व कस्बा राजा का रामपुर निवासी अनिल कुमार कंपिल के गांव जिंजौटा बुजुर्ग में रिश्तेदार दिलदार के यहां बुधवार को उसके पुत्र रमनजीत के रिश्ते की बात करने बाइक से आए थे। दिलदार के न मिलने पर वह बाइक से घर लौट रहे थे। अनिल के अनुसार रुदायन-कंपिल मार्ग पर उसके गांव
के ही निशू, विजेंद्र और ध्रुव कोरी मिले और उसे रोक लिया। जब तक अनिल कुछ समझता, तब तक हमलावरों ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली अनिल के कंधे में जा धंसी। हमलावर जब तक दूसरा फायर करते, तब तक पीछे से एक ट्रैक्टर पर सवार लोगों ने शोरशराबा करना शुरू कर दिया, जिससे हमलावर भाग
गए। ट्रैक्टर सवारों ने दिलदार को घटना की जानकारी दी। सूचना पर दिलदार के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए। एसओ ललित कुमार ने घायल अनिल के बयान दर्ज किए। एसओ ने बताया कि घायल की तहरीर पर निशू, विजेंद्र और ध्रुव कोरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि हमलावरों और अनिल के बीच दुकानों पर कब्जा का विवाद चल रहा है। इसी को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है।
रिश्तेदारी से लौट रहे युवक को गोली मारी
ट्रैक्टर सवारों के आने पर भागे हमलावर
घायल की तहरीर पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो