फतेहपुर। शहर के कलक्टरगंज इलाके में चोर बेखौफ हैं। यही वजह है कि चोरों ने 24 घंटे के भीतर तीसरी वारदात को अंजाम देकर सभी को सहमा दिया है। चोरों ने मंगलवार की रात व्यापारी नरेंद्र सिंह के घर को निशाना बनाया। वह पत्नी का आपरेशन कराने कानपुर गए थे।
कलक्टरगंज मोहल्ले में रहने वाले नरेंद्र सिंह की हरिहरगंज में खिलौने की दुकान है। वह अपनी पत्नी मंजू सिंह का आपरेशन कराने मंगलवार को कानपुर गए थे। यह बुधवार सुबह कानपुर से घर लौटे। मेन गेट व कमरों के टूटे ताले देखकर सन्न रह गए।
सूचना पर चौकी पुलिस पहुंची। नरेंद्र सिंह ने बताया कि चोर लॉकर तोड़कर सोने की जंजीर, झाले, पायल, 18 हजार रुपये नगद समेत कीमती सामान ले गए।
इसी मोहल्ले में सोमवार की रात स्वर्णकार समेत दो घरों में चोरी हुई थी। इलाकाई लोगों में लगातार होने वाली घटनाओं से दहशत है। चौकी इंचार्ज लक्ष्मीकांत सेंगर ने बताया कि छानबीन की जा रही है।
- इलाके में 24 घंटे के भीतर चोरी की तीसरी घटना