फतेहपुर। थाने के मुंगरियापुर गांव के पास यात्रियों से खचाखच भरी बस बुधवार को अनियंत्रित होकर खंती में तिरछी हो गई। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्री चीख-पुकार करते हुए मदद की गुहार लगाने लगे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राइवेट बस शहर से खागा वाया धाता जा रही थी। बस में करीब तीन दर्जन लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक किशनपुर थाने के नरैनी मोड़ मुंगरियापुर के पास चालक ने किसी वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में बस कच्ची सड़क पर उतार दी। मिट्टी में धंसने से बस तिरछी होने लगी। यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर गए ।
चालक बस से कूद गया। संतुलन बिगड़ने से बस के खंती में गिरने के डर से यात्री पसीने-पसीने होने लगे। यात्रियों की चीखें सुनकर इलाकाई लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। यात्रियों को नीचे उतारा गया। यात्री काफी घबराए हुए थे। एसओ राजीव सिंह ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित बचाए गए हैं। इन्हें दूसरी बस से भेजा गया। चालक को तलब किया गया है।
- यात्रियों के सूखे हलक, दहशत के बीच एक-एक कर उतारे गए यात्री