अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। रंजिश के चलते दावत में गए तीन भाईयों को मारपीट कर घायल कर दिया गया। इस दौरान फायरिंग होने से अफरातफरी मच गई। मेडिकल के लिए पीड़ित लगातार इधर उधर भटक रहे हैं।
थाना नवाबगंज के गांव नयानगला बराकेशव निवासी रवींद्र कुमार और उसका भाई देवेेंद्र, नरेंद्र गांव में ही श्यामवीर के यहां सोमवार की रात कथा की दावत खाने के लिए गए थे। वहां पर गांव के ही कुछ लोगों से रंजिश को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी होने पर हमलावरों ने रवींद्र व उसके भाइयों के साथ मारपीट कर दी। मारपीट होने से दावत स्थल पर अफरातफरी मच गई। हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इससे रवींद्र गोली लगने से घायल हो गया।
घटना के बाद किसी ने एसपी को हत्या कर दिए जाने की सूचना दे दी। इस पर हरकत में आई पुलिस आनन फानन में मौके पर पहुंच गई। एसओ ललितेश त्रिपाठी ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। घायल हुए तीनों भाईयों को मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। यहां पर किसी घायल का मेडिकल नहीं किया गया। बगैर इलाज के यहां से तीनों को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लोहिया में तीनों को भर्ती कर लिया लेकिन इन का मेडिकल नहीं हो सका।
मंगलवार को जब घायल के परिवार वाले रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे तो वहां पर मेडिकल रिपोर्ट मांगी गई। तब परिवार के लोगों को मेडिकल न किए जाने की जानकारी हुई। इसके बाद परिवार वाले घायलों का मेडिकल कराने की जुगत में लग गए। पीड़ित पक्ष ने एसओ से मेडिकल कराए जाने मांग की। इस पर इन घायलों को मेडिकल कराने के लिए नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया। एसओ ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। फायरिंग की बात जांच में सामने नहीं आई। फिलहाल जांच जारी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
मारपीट में दो अन्य भाई जख्मी, मेडिकल के लिए भटके
पुलिस की जांच में फायरिंग की बात झूठी निकली