कानपुर देहात। जिले में रविवार को एक दिन के पौधरोपण अभियान में वन विभाग ने 4684536 पौधे लगाने का दावा किया है। यह अभियान कुल 11 घंटे चला। वन विभाग व अन्य बीस विभागों को मिलकर 46,16,400 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया था। हालांकि अब लगाए गए इतने पौधों की सुरक्षा को लेकर संशय जरूर बना है।
राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल ने रविवार सुबह भोगनीपुर विधायक विनोद कटियार के साथ ईको पार्क में चितवन, नीम, आंवला और नीम के पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की। राज्य मंत्री ने कहा कि हरियाली है तभी तक धरती पर जीवन है।
इसलिए पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का दायित्व सभी को निभाना होगा। विधायक विनोद कटियार ने भी अधिक से अधिक पौधे लगाने पर जोर दिया। यहां डीएम, एसपी, सीडीओ व डीएफओ अशोक चंद्रा, एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा आदि मौजूद रहे।
इसके बाद सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने अकबरपुर बीआरसी परिसर में बरगद का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि बरगद सबसे अधिक छाया व ऑक्सीजन देता है। सभी को पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। यहां डीएम जेपी सिंह, एसपी केशव कुमार चौधरी व सीडीओ सौम्या पांडेय ने भी पौधे लगाए। कुल तीस पौधे लगाए गए।
इधर अभियान के तहत वन विभाग ने 169 स्थानों पर पौधरोपण कराया। जबकि अन्य बीस विभागों की ओर से 8250 स्थानों पर पौधे लगाए गए। वन विभाग को 2449200 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था, इसके सापेक्ष 2500585 पौधे लगाए गए। जबकि अन्य विभागों को 2167200 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया था, इन विभागों ने 2183796 पौधे लगाए।
एक दिन के पौधरोपण अभियान में जिले में कुल 4684536 पौधे लगाए गए हैं। इसमें वन महोत्सव कार्यक्रम के दौरान लगाए गए 155 पौधे भी शामिल हैं। सभी विभागों को लगाए गए पौधों की सुरक्षा करने को कहा गया है।
-अशोक चंद्रा, डीएफओ
पौधे लगाने में सुस्त दिखे तीन विभाग
कानपुर देहात। लोक निर्माण विभाग का दस और ऊर्जा व जलशक्ति विभाग का 11 बजे तक पौधे लगाने का खाता नहीं खुला था। जिले में पौधरोपण अभियान सुबह छह बजे से शुरू कराया गया था। वन विभाग ने एक घंटे में 80 हजार पौधे लगाने का दावा किया। वहीं लोक निर्माण विभाग की ओर से दस बजे तक एक भी पौधा नहीं लगा गया।
इसके बाद 4472 पौधे लगाए गए। वहीं जलशक्ति विभाग ने लोक निर्माण विभाग को भी पीछे छोड़ दिया। 11 बजे तक एक भी पौधा रोपा नहीं जा सका। 12 बजे तक 9250 पौधे लगाए गए। ऊर्जा विभाग ने भी 12 बजे तक 2070 पौधे लगाने का ब्योरा ऑनलाइन अपडेट किया।
हेल्थ क्लब सदस्यों ने ईको पार्क में किया पौधरोपण
कानपुर देहात। माती ईको पार्क में हेल्थ क्लब के संचालक केएस चौहान की मौजूदगी में नींबू, अमरुद, आम व आंवला के 250 पौधे लगाए गए। यहां सुशील यादव, शिवराज सिंह यादव, सुभाष शर्मा, विकास राय, विजय बहादुर, डॉ. जनक सिंह, रमाकांत, एमपी गौतम, कुलदीप सिंह व रामचंद्र आदि मौजूद रहे।
जिला कारागार परिसर में पौधे रोपण
कानपुर देहात। जिला कारागार परिसर में जेल अधीक्षक राजेंद्र कुमार की अगुवाई में पौधरोपण किया गया। इस दौरान जेलर कुश कुमार सिंह, डिप्टी जेलर राजेश कुमार राय, मिथिलेश सिंह ने भी बड़े बाबू बृज किशोर सोनवानी, जेल बॉर्डर सूरज सिंह चौहान आदि के साथ करीब पचास पौधे लगाए।