कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कालाबाजारी रोकने के लिए लोगों से अपील करते हुए कहा था कि वह 112 पर इसकी सूचना दर्ज कराएं। सिर्फ 48 घंटों के अंदर पुलिस को 438 शिकायतें मिली हैं। जिसमें सबसे ज्यादा ऑक्सीजन की और उसके बाद दवाओं की कालाबाजारी को लेकर है।
दो दिन पहले पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने लोगों से अपील की थी कि ऑक्सीजन, दवा या अस्पतालों में अवैध वसूली की शिकायत हो तो वह डायल 112 पर फोन करके इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार पिछले 48 घंटों में 438 शिकायतें दर्ज कराई गईं हैं।
जिसमें से 250 से ज्यादा शिकायतें ऑक्सीजन और उससे जुड़े इक्युपमेंट्स की कालाबाजारी की है। अधिकारियों के अनुसार सभी शिकायतों को रजिस्टर पर पंजीकृत किया गया है और सभी मामलों की जांच कराई जा रही है। शिकायतें सही पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित थानों को दिए जांच के आदेश
सूत्रों के अनुसार जो शिकायतें 112 पर दर्ज कराई गईं हैं उन्हें थानावार अलग किया जा रहा है। संबंधित थानों को शिकायतें दी जाएगी। दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।