कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में आठ साल पहले हुई आर्थिक गड़बड़ी की जांच शुरू हो गई है। शासन की ओर से गठित कमेटी ने इसकी जांच शुरू कर दी है। स्टेडियम की चारदीवारी दोबारा बनवाने, ऑडिटोरियम के बगल में बने गड्ढे को पाटने और साल भर में ही पुताई का काम दोबारा करने में विवि नेे 43 लाख रुपये खर्च कर दिए।
एक काम की दो फाइलें बनाकर बजट पास भी कराया गया। विवि के पास खर्च धनराशि का कोई रिकॉर्ड भी नहीं है। जांच कमेटी में विधायक इरफान सोलंकी, फाइनेंस ऑफिसर साधना श्रीवास्तव, कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव, उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. रिपुदमन सिंह और लेखा परीक्षा विभाग के उपनिदेशक को शामिल किया गया है।