घाटमपुर (कानपुर)। मंगलवार की देर शाम लखनऊ से चित्रकूट जा रही एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन घाटमपुर में फेल हो जाने से ट्रेन दो घंटे विलंब से आगे के लिए रवाना हो सकी। इस दौरान ट्रेन पर सवार यात्री परेशान रहे। वहीं, जहानाबाद रेलवे क्रासिंग का फाटक बंद होने से मुगल रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देररात मालगाड़ी का इंजन लगाने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
चित्रकूट एक्सप्रेस देर शाम 9: 03 बजे पर घाटमपुर रेलवे स्टेशन पर आई। वहां से जैसे ही 9:10 बजे पर रवाना हुई। तभी, कस्बे के जहानाबाद रोड रेलवे क्रासिंग पार करते समय उसके इंजन में खराबी आ जाने से रुक गई। ट्रेन के कोच रेलवे क्रासिंग पर ही खड़े हो गए। क्रासिंग पर ट्रेन खड़ी होने से मुगल रोड पर यातायात ठप हो गया। जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम लग गया कई बारातें भी जाम में फंस गईं।
स्टेशन अधीक्षक ने सूचना कानपुर में दी। अधिकारियों के निर्देश पर घाटमपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी का इंजन जोड़कर आगे रवाना करने की तैयारी शुरू हुई। लेकिन, इस कवायद में डेढ़ घंटे से अधिक का समय लग गया। रात 10.40 बजे मालगाड़ी का इंजन ट्रेन के पिछले हिस्से में जोड़ने के बाद उसको वापस स्टेशन लाया गया। फिर इंजन को काटकर आगे की ओर जोड़ा गया और ट्रेन को 11:12 बजे पर रवाना किया गया।