बांगरमऊ। कोहरे की वजह से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार रात एक ट्राला ट्रक में पीछे से भिड़ गया। हादसे में ट्राला का चालक व क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। उधर हादसे के बाद लगभग आधे घंटे तक एक्सप्रेस-वे पर जाम के हालात बने रहे।
राजस्थान के जिला अलवर थाना प्रतापगढ़ के कुंडलिया निवासी कालूराम (55) पुत्र अर्जुन लाल ट्राला में कोयला लादकर बाराबंकी जा रहा था। एक्सप्रेस-वे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के खंभौली के निकट कोहरे में आगे चल रहे ट्रक में पीछे से वह घुस गया।
हादसे से चालक कालूराम व क्लीनर मुकेश (25) पुत्र रामचंद्र ट्राला के केबिन में फंस गए। यूपीडा कर्मियों ने दोनों को ट्राला से बाहर निकालकर बांगरमऊ अस्पताल भेजा। जहां से कालूराम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार शाम हादसे की सूचना पर उन्नाव पहुंचे परिजनों ने बताया कि कालूराम भतीजे मुकेश के साथ ट्रक चलाता था। हादसे में घायल मुकेश का उपचार चल रहा है।
-बांगरमऊ के खंभौली के निकट कोहरे में हुआ हादसा, लगा जाम