उन्नाव। जिले से बाइक चोरी कर उन्हें दूसरे जिलों व राज्यों में बेचने वाले चार युवकों को अजगैन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की दस बाइकें, कुछ बाइकों की चेचिस व पुर्जे भी बरामद किए हैं।
पुलिस लाइन में मंगलवार को बाइक चोर गिरोह का खुलासा करते हुए एसपी हरीश कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवक लंबे अर्से से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। अजगैन पुलिस ने मुंशीगंज के निकट वाहन चेकिंग के दौरान बक्तूखेडा गांव निवासी सुधीर पुत्र गुनी लोध, राकेश कुमार पुत्र अंगनू, भौली निवासी मो. समीर पुत्र जहूर और बगहरी निवासी राहुल पुत्र नन्हा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की थी।
युवकों ने बताया कि वह मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी करते थे। रातों रात उसे दूसरे जिले या प्रदेश से बाहर भेज देते थे। इनमें अधिकतर बाइकों को वह नेपाल भेज देते थे। जहां उन्हें बाइकों के अच्छे दाम मिल जाते थे। वह रेसर बाइकों को अधिक निशाना बनाते थे। अजगैन पुलिस ने दस बाइक, चार चेचिस और मंहगे कलपुर्ज बरामद किए है। बाइक चोरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई राजेश दीक्षित, राजीव यादव शामिल रहे। एसपी ने उन्हें दस हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।
- पुलिस ने चोरी की दस बाइक, बाइकों की चेचिस बरामद की
- जिले से चोरी की बाइकों को दूसरे राज्यों व नेपाल में बेचते थे