फर्राटा में गौरव व पावनी बने सबसे तेज धावक
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। केंद्रीय विद्यालय के वार्षिक खेलकूद समारोह में प्रतिभागियों का हौसला देखते ही बन रहा था। समारोह में मौजूद अधिकारियों ने खिलाड़ियों का खूब उत्साह बढ़ाया।
गुरुवार को विद्यालय परिसर में समारोह का उद्घाटन कर मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह ने कहा कि खेलकूद से बच्चों का सर्वांगींण विकास होता है। पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को खेलकूद के प्रति भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। डीआईओएस बलिराज राम ने बच्चों की प्रस्तुतियां और उनकी खेल प्रतिभा देखकर कहा कि निश्चित रूप से शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूरे मनोयोग से बच्चों को पढ़ाई के अलावा खेलकूद के क्षेत्र में भी प्रोत्साहित किया है। स्कूल कैप्टन आनंद कुमार और उन्नति शुक्ला के साथ दीप शिखा को विशेष योगदान के लिये प्राचार्य विनोद कुमार ने सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में 100 मीटर बालिका वर्ग दौड़ में पावनी ने प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि रीत जया द्वितीय व नेहा तृतीय रहीं। हाउसवार ओवरआल चैम्पियनशिप शिवा जी हाउस ने जीती। जबकि रनर अप चैम्पियन-टैगोर हाउस व तीसरी पोजीशन रमन हाउस व चौथी पोजीशन अशोका हाउस की रही।100 मीटर बालक वर्ग की दौड़ में गौरव मिश्रा प्रथम ,सजल द्वितीय व अभिषेक तृतीय रहे। जबकि 100 मीटर बालिका वर्ग में मंदाकिनी प्रथम, अरिक्ता द्वितीय, अक्षरा तृतीय रहंीं। 50 मीटर जलेबी दौड़ में वशिष्ठ प्रथम, नामिश को दूसरा और शिवेन्द्र का तीसरा स्थान मिला। इसी तरह 80 मीटर गुब्बारा दौड़ में श्रेया पाठक ने बाजी मारी, मानसी और कामाक्षी को दूसरे व तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। इस मौके पर नगर पालिका नरेंद्र मोहन मिश्र व अभिभावक संघ के राजकिशोर शिवहरे, केशव शिवहरे, डा. सचीन्द्र उपाध्याय आदि मौजूद रहे।