उरई। संयुक्त संघर्ष संचालन समिति के तत्वावधान में पुरानी पेंशन बचाओ रथयात्रा उरई पहुंची। शहर भ्रमण के बाद मणींद्रालय सभागार में राज्य कर्मियों व शिक्षकों की सभा का आयोजन समिति के जिलाध्यक्ष ताहिर अंसारी की अध्यक्षता में हुआ। जिसमें वक्ताओं ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए हर कुर्बानी देने की बात कही।
मुख्य अतिथि समिति के प्रदेश अध्यक्ष एसपी तिवारी ने कहा कि हम सरकार से पुरानी पेंशन लेकर रहेंगे, इसके लिए हम सरकार से कोई भी कुर्बानी देने को तैयार है। प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष सुशील पांडेय ने कहा कि शिक्षक व कर्मचारियों की एक ही मांग है।
इसे पूरा होने के बाद ही आंदोलन समाप्त होगा। 45 दिन की ये यात्रा 20 दिसंबर को लखनऊ में समाप्त होगी। यदि सरकार ने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष योगेश त्यागी, प्राथमिक शिक्षक स्नातक एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय सिंह ने कहा कि जब सांसद विधायक को पेंशन है तो कर्मचारियों को पेंशन क्यों नहीं दी जा रही है।
इस दौरान जलवीर सिंह यादव, विनोद यादव, ठाकुरदास, अभिनव दीक्षित, राजेंद्र राजपूत, उपेंद्र भदौरिया, जगदीश तिवारी, रवींद्र वर्मा, वंदना श्रीवास्तव, स्वयंप्रभा दुबे, आसमा परवीन, संगीता सिंह, लक्ष्मीकांत रावत, राजीव त्रिपाठी, आलोक श्रीवास्तव आदि ने विचार रखे। संचालन लक्ष्मीनारायण गुप्ता व संजय सिंघाल ने ने किया।