अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। नए सत्र से जिले में पांच पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्कूल संचालित होंगे। इन सभी स्कूलों में जेडी ने दो-दो शिक्षक नियुक्त कर नए सत्र से क्लास चलाने को हरी झंडी दे दी है। हालांकि शासन ने सिर्फ एक स्कूल चलाने के लिए स्टाफ का पद सृजन किया है।
वर्ष 2010-11 में तत्कालीन सरकार ने जिले में छह मॉडल स्कूल स्वीकृत किए थे। प्रत्येक स्कूल निर्माण के लिए तीन करोड़ दो लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। इनमें दनियालपुर, बहुआ, ऐलई, लतीफपुर, अलादातपुर का निर्माण तीन साल पहले पूरा हो गया था। छठवें स्कूल अंबिलिहापाल का निर्माण अभी तक अधूरा है। इसकी जांच चल रही है। प्रदेश सरकार ने मॉडल स्कूलों का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर कर दिया। इन पांच स्कूलों में जेडी ने छह शिक्षक इलाहाबाद जिले से स्थानांतरित कर एक-एक की नियुक्ति की है। जिले के राजकीय स्कूलों से कटौती कर पांच शिक्षक नियुक्त किए हैं। नियुक्ति आदेश डीआईओएस कार्यालय में आ चुके हैं।
खास बात तो यह है कि शासन ने सिर्फ अलादातपुर स्कूल में पद सृजन किया है। इसमें एक प्रधानाचार्य, 11 प्रवक्ता, सात सहायक अध्यापकों की नियुक्ति करने का प्रावधान किया है। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि स्टाफ नियुक्त हो गया है। सभी स्कूलों में फर्नीचर आदि की खरीद के लिए चार-चार लाख का बजट आ चुका है। खरीदारी गवर्नमेंट ई मार्केट प्लेस (जेम पोर्टल) से खरीदने के निर्देश दिए गए हैं। पोर्टल में आदेश अप लोड करने के सातवें दिन आपूर्ति मिल जाएगी।