कानपुर। धनतेरस और दीपावली पर शहरवासियों को बिजली संकट से बचाने के लिए केस्को ने नेटवर्क सुधार अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जर्जर पोल, ढीले तार और कमजोर लाइनों को दुरुस्त किया जा रहा है। बुधवार को विशेष अभियान चलाकर 40 जर्जर बिजली पोल बदले गए।
केस्को की तकनीकी टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में करीब एक हजार नए स्पेसर भी लगाए। इससे एलटी लाइनों के तार आपस में टकराने और फाल्ट होने की आशंका कम होगी। बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की डालियों की छंटाई की गई। साथ ही कंडक्टर और एबीसी केबल को निर्धारित ऊंचाई पर व्यवस्थित किया गया, ताकि सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही के दौरान बिजली तारों से खतरा न रहे।
अभियान के दौरान वितरण ट्रांसफार्मरों के आसपास अनधिकृत रूप से दुकान लगाने वाले दुकानदारों को भी सुरक्षा के लिहाज से उचित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई। केस्को ओएसडी देवेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि त्योहारों में बिजली की बढ़ती मांग के बीच सुरक्षित और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इसके लिए मरम्मत और सुधार कार्य लगातार जारी रहेंगे।