कानपुर। चमनगंज में शातिरों ने बिटक्वाॅइन में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर युवक ने 3.66 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने चमनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चमनगंज पेशकार रोड निवासी आसिफ अली के अनुसार मई में उन्हें आदित्य ट्रेडिंग कंपनी पनवल ट्रांसपोर्टनगर निवासी कृष्ण गोपाल नायडू ने एक व्हाॅट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया था। इसमें बिटक्वाॅइन में निवेश पर मुनाफे के मैसेज आते थे।
कुछ दिनों बाद उन्हें एक लिंक भेजा गया जिस पर क्लिक करने के बाद वह टेलीग्राम ग्रुप में जुड़ गए। इसमें क्यू आर कोड भेजकर निवेश कराया गया। पहले थोड़ा मुनाफा मिला। इस पर उन्होंने शातिरों के झांसे में आकर दो से बीस मई के बीच करीब 3.66 लाख का निवेश कर दिया।
बाद में मुनाफा निकालने की कोशिश की तो शातिरों ने उन्हें ग्रुप से हटाकर उनकी रकम हड़प ली। इंस्पेक्टर चमनगंज संजय राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश की जा रही है। (संवाद)