हमीरपुर में मौदहा क्षेत्र की केन नदी की बक्छा खादर व भुलसी सहित चार मौरंग खदानों की एसडीएम ने जांच की। जिसमें साढ़े तीन हजार घन मीटर से अधिक मौरंग की अवैध रूप से निकासी किया जाना पकड़ा है। उन्होंने खदान मालिकों पर अवैध खनन व पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने के मामले में कार्रवाई को जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी है। अवैध रूप से निकाली गई मौरंग की कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया ने बताया कि बक्छा खादर खंड संख्या 29-3 के पट्टाधारक न्यू मिर्जापुर सैंट स्टोन के खिलाफ हुई शिकायत पर सीओ, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक व वरिष्ठ खनन निरीक्षक के साथ जांच की तो पाया कि खदान मालिक ने खनन व पर्यावरण नियमों का खुला उल्लंघन किया है।
नियमानुसार तीन मीटर की अधिक गहराई से मौरंग नहीं निकाली जा सकती है।
लेकिन इस खदान में पांच मीटर तक की गहराई से काफी दूर तक की मौरंग उठाई गई है। बताया कि आंकलन के मुताबिक करीब तीन हजार घन मीटर अवैध रूप से खनन किया है। जिसकी रिपोर्ट टीम ने खनिज अधिकारी को भेजकर कार्रवाई के लिए लिखा है। वहीं खदान संख्या 29-1 के पट्टाधारक अवस्थी ट्रेडर्स पर 300 घन मीटर अवैध खनन करना पाया गया है।
जबकि भुलसी खदान में पिछले आठ फरवरी को जांच के दौरान खंड संख्या 30-2 के पट्टाधारक मेसर्स सिल्वरमिंट रिटेल प्राइवेट लिमिटेड पर 160 घन मीटर अवैध खनन करने व खंड संख्या 30-3 की जांच में 70 घन मीटर अवैध खनन का मामला पाया गया था। इस खंड के पट्टाधारक ज्ञान इंफ्रा बिल्ड पर कार्रवाई के लिए लिखा है। उन्होंने बताया कि चारों पट्टाधारकों से अवैध खनन के राजस्व वसूली के साथ खनन व पर्यावरण नियमों के उल्लंघन करने का मामले पर कार्रवाई को लिखा गया है।