अकबरपुर सीएचसी में जांच के लिए सैंपल देता संदिग्ध। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जनपद में बुधवार को आई आरटीपीसीआर रिपोर्ट में अलग-अलग क्षेत्रों में 35 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें 23 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया। वहीं 12 मरीजों के पते व मोबाइल नंबर गलत मिलने से उनकी जानकारी नहीं मिल सकी है। 23 मरीज कोरोना संक्रमण को मात देकर स्वस्थ भी हुए हैं।
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि मंगलवार को मिले कोरोना संक्रमितों में से किसी में भी तेज बुखार, सीने में दर्द और सांस फूलने जैसा लक्षण नहीं दिखाई दिए। सभी में सामान्य रूप से खांसी और जुकाम था। इस पर 23 मरीजों को होम क्वारंटीन कर उन्हें दवा की किट दी गई है।
इनके संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी ली जा रही है। इनका भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। 12 मरीजों का पता व मोबाइल नंबर गलत होने से उनका पता नहीं चल पा रहा है।
स्वास्थ्य टीमों को ऐसे मरीजों को खोजने के लिए लगाया गया है। बुधवार को 23 मरीज संक्रमण को मात देकर स्वस्थ भी हुए हैं, इस पर उनका क्वारंटीन समय खत्म कर दिया गया है। अब जनपद में 95 मरीज सक्रिय हैं।