कानपुर। लखनऊ की रियल एस्टेट कंपनी के निदेशकों और प्रबंधकों पर कानपुर के कई लोगों ने प्लॉट दिलाने के नाम पर 35 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर कल्याणपुर थाने ने रिपोर्ट दर्ज हुई है।
सत्यम विहार आवास विकास नंबर एक निवासी 67 वर्षीय दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ की कंपनी पोल स्टार द्वितीय व शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है। इसके मुख्य निदेशक राशिद नसीम, परियोजना प्रबंधक शैलेश कुमार सिंह, मनीष गुप्ता, अजय गौतम और उदयवीर सिंह आदि ने रियल एस्टेट कारोबार के नाम पर उन्हें और उनके साथियों को प्लॉट दिलाने की स्कीम में निवेश करने के लिए कहा था। इस पर उन्होंने 6.51 लाख रुपये पोल स्टार सिटी-द्वितीय बाराजोड़ कानपुर देहात में निवेश किए थे।
आरोप है कि कंपनी ने न तो प्लॉट आवंटित किया और न ही रजिस्ट्री कराई। लखनऊ का गोमतीनगर स्थित कार्यालय भी बंद मिला। पीड़ित के मुताबिक, इस स्कीम में उनके अलावा रमाकांत मिश्र, ज्ञानेंद्र मिश्रा, चंद्रभान सिंह, कुसुम सिंह, कप्तान सिंह और माधुरी आदि ने भी लाखों रुपये जमा किए हैं। सभी से करीब 35 लाख रुपये की ठगी की गई।
थाने से लेकर डीजीपी लखनऊ तक शिकायतें भेजीं लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस पर कोर्ट के आदेश पर कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कल्याणपुर एसीपी रंजीत कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।