कानपुर देहात। जनपद की सभी तहसीलों में बुधवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की भीड़ लगी रही, जिसमें राजस्व, पुलिस, विकास, बिजली आदि की समस्याओं को लेकर शिकायतकर्ताओं की लाइन लगी रही। इसमें कुल 398 शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन 18 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
सिकंदरा तहसील में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा व एसपी राधेश्याम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। उन्होंने अधीनस्थों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में अधिकारी शिथिलता न बरतें। इस दौरान कुल 102 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई, जिसमें राजस्व विभाग की 29, पुलिस की 18, पूर्ति विभाग की 15, विकास की 23, नगर पंचायत की 4, शिक्षा विभाग की 5 व अन्य विभागों से 8 शिकायतें आईं। इसमें 6 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए गए।
वहीं, अकबरपुर में एसडीएम आनंद कुमार सिंह व सीओ अर्पित कपूर की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 108 शिकायतें दर्ज की गई, जिसमें 44 राजस्व, विकास की 29 व पुलिस की 15 शिकायतें दर्ज हुई, लेकिन एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं किया जा सका। वहीं, रसूलाबाद में एसडीएम जेपी पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 52 शिकायतें दर्ज की गई, जिसमें 3 का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। डेरापुर में एसडीएम दीपाली कौशिक की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 34 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई, लेकिन 3 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। इसी प्रकार मैथा तहसील में एसडीएम राम शिरोमणि की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कुल 21 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें 12 राजस्व, पुलिस की छह व आपूर्ति की तीन शिकायतें दर्ज हुई। इसमें 2 का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। वहीं, भोगनीपुर तहसील में एसडीएम राजीव राज की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कुल 81 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई, लेकिन 4 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।