हसेरन। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद प्रदीप सिंह के पिता अमर सिंह ने रुंधे गले से कहा कि यदि बेटा दुश्मन देश के कम से कम 50 सैनिक मारने के बाद शहीद होता, तो शायद इतना दुख नहीं हुआ होता। उन्होंने सरकार से पाकिस्तान को नेस्तनाबूद करने की अपील करते हुए कहा कि जवानों के बलिदान को यूं ही बेकार न जाने दिया जाए। वहीं, शहीद प्रदीप सिंह की पत्नी नीरज देवी ने कारागार विभाग में नौकरी के लिए फार्म भरा है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई है।
पिता अमर सिंह यादव ने बताया कि बेटे की अंत्येष्टि के बाद जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने नीरज देवी को कारागार विभाग में फार्म भरवाया है। इसके आगे की उसे कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को शांति पाठ का आयोजन होगा। घर के साथ पूरे गांव में अभी भी गमगीन माहौल है। वहीं, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रभारी व पूर्व मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शहीद प्रदीप सिंह के छोटे भाई कुलदीप सिंह को फोन कर हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कुलदीप ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे ज्योतिरादित्य सिंधिया का फोन आया था। उन्होंने बातचीत कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें अपना नंबर देते हुए भरोसा दिया कि वह हमेशा परिवार के हर संभव सहयोग के लिए तैयार हैं।