राजपुर(कानपुर देहात)। मुगल रोड में राजपुर कस्बे के पास सड़क के बीचोबीच एक बालू लदे ओवर लोड ट्रक का टायर फट गया जिससे सोमवार को जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर खराब ट्रक को हटवा कर यातायात सुचारु करवाया। इस बीच डेढ़ घंटे राहगीर जाम में जूझते रहे।
राजपुर कस्बे में दुकानदार मुगल रोड पर सड़क तक सामान फैलाकर अतिक्रमण किए हैं। जिससे यहां जाम के हालात रोज रहते हैं। खरका घाट से बालू व मौरंग लादकर निकलने वाले ओवर लोड ट्रकों ने इस मार्ग की हालत और खस्ता कर दी है। सोमवार को कस्बे की बाजार के पास सड़क के बीचोबीच मौरंग लदे एक ट्रक का टायर फट गया जिससे मार्ग में जाम लग गया। औरैया से भोगनीपुर की ओर आने-जाने वाले वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने खराब ट्रक को हटवा कर जाम खुलवाया। इस बीच मार्ग में दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। डेढ़ घंटे तक सड़क जाम रहने से लोग परेशान हो गए। पुलिस ने जाम खुलवाया तो वाहन सवारों ने राहत की सांस ली और यातायात सुचारु हो सका।
आए दिन जाम लगने से कस्बे के लोगों अतिक्रमण हटाए जाने की मांग की है। प्रधान अनवर खां, गुलबदन कटियार, भारत सिंह, आलोक मिश्रा, योगेश पोरवाल, रामू कटियार आदि ने बताया कि सड़क तक अतिक्रमण फैले होने से जाम के हालात रहते हैं। वहीं, बालू घाट से निकलने वाले ओवरलोड ट्रक आए दिन सड़क पर खराब हो जाते हैं जिससे समस्या आती है। कस्बा चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि खराब ट्रक को हटवा कर जाम खुलवा दिया गया है। पीस कमेटी की बैठक में दुकानदारों से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा जा चुका है। जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।