गंजमुरादाबाद। हरदोई-उन्नाव की सीमा पर ग्राम गुलबहा के पास बाइक सवार दो हलवाई मवेशी से टकराकर सड़क पर गिर गए। पीछे से आ रहे ट्रक से कुचलकर एक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। ट्रक की चपेट में आकर दो मवेशियों की भी मौत हो गई। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत भाग गया।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के ग्राम खानपुर करौली निवासी शिवप्रकाश मिश्रा (27) बाबूराम हलवाई का काम करता था। बुधवार रात वह खैरागोड़ा निवासी प्रदीप दीक्षित (30) पुत्र अवधेश दीक्षित के साथ मल्लावां में एक शादी में खाना बनाने गया था। गुरुवार सुबह वह बाइक से घर लौट रहा था।
तभी हरदोई-उन्नाव की सीमा पर ग्राम गुलबहा के पास सड़क पर खड़े मवेशी से टकराकर वह सड़क पर गिर गया। जब तक शिवप्रकाश संभल पाता तब तक पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने शिवप्रकाश, प्रदीप व दो गायों को चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिवप्रकाश व प्रदीप को बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने शिवप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। प्रदीप दीक्षित को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दो गायों के शव दफन करवा दिए।
सड़क हादसे में ही दो भाइयों की हुई थी मौत
शिवप्रकाश के बड़े भाई राम प्रकाश और छोटे भाई ओम प्रकाश की सात साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। शिवप्रकाश का एक छोटा भाई कृष्ण प्रकाश है। कृष्ण प्रकाश ने बताया कि शिव प्रकाश की एक वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी। उसकी पत्नी आरती गर्भवती है।
- ट्रक से कुचलकर दो मवेशियों की भी हुई मौत, पुलिस ने दफनवाया