कानपुर देहात। राजस्व मामलों के वादों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी भूमि पर कब्जा दिलाने में यदि कोई अधिकारी संलिप्त है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एंटी भूमाफिया से संबंधित प्रकरणों को दो सप्ताह में भूमाफिया पोर्टल पर फीड करें। यह बात शनिवार को जिलाधिकारी ने एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स की बैठक के दौरान अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने शनिवार को कैंप कार्यालय में जिला स्तरीय राजस्व कार्यों एवं एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स की बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार व अन्य अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व कार्यों में समयबद्धता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिले में 7 भूमाफिया चिह्नित हैं। इसके साथ ही सरकार की भूमि को जो भूमाफिया क्रय-विक्रय करता है उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम समाज की जगह पर कोई कब्जा किए है तो उसे चिह्नित करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई विभागीय कर्मी इसमें संलिप्त होता है तो उसपर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही करेत्तर के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है राजस्व प्राप्ति के जो लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं उसके संबंध में मासिक रूप से पूरा करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कर करेत्तर में स्टांप में 98 प्रतिशत, आबकारी में 92, वाणिज्य कर में 85, परिवहन में 86 प्रतिशत है। वहीं, कम वसूली होने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए शत-प्रतिशत राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए। जनपद में यातायात सुगम बनाने के उद्देश्य से समस्त संबंधित अधिकारियों के द्वारा अपने-अपने स्तर पर व्यापक कार्य योजना बनाते हुए कार्रवाई करें। ताकि बढ़ती मार्ग दुर्घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित किया जाए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राधेश्याम, सीडीओ डा. महेन्द्र कुमार राय, एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब लाल, एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा, सभी एसडीएम, परिवहन, वाणिज्यकर अधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।