उन्नाव। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) रविवार को शहर के 18 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा बलों की निगरानी में होगी। एसडीएम व डीआईओएस ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। केंद्र प्रभारियों को किसी भी तरह की चूक सामने आने पर एफआईआर व विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
टीईटी में पंजीकृत 16,267 परीक्षार्थी रविवार सुबह व शाम दो पालियों में एसटीएफ व पुलिस की कड़ी सुरक्षा में परीक्षा देंगे। शनिवार को डीएम के निर्देश पर एसडीएम व डीआईओएस ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जो भी खामियां मिलीं उन्हें तत्काल ठीक कराया। डीआईओएस ने डीएसएन कालेज, एलपीएस, एसवीएम इंटर कालेज का भी सघन निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरे सिस्टम को भी चेक किया। डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों के अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।
सघन तलाशी के बाद दिया जाएगा प्रवेश
डीएम ने समस्त परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल के पहरे के अलावा खुफिया एजेंसियों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रों पर बिजली, पानी की किसी भी तरह की समस्या न आने की अधिकारियों को चेतावनी दी है। इसके अलावा मुख्य गेट से परीक्षा कक्ष तक सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी। साथ ही बाथरूम जाने वाले परीक्षार्थियों की निगरानी में अलग से महिला व पुरुष पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। वहीं परीक्षा कक्ष में प्रवेश के पहले परीक्षार्थियों की तीन चरणों में सघन तलाशी से गुजरना होगा।
एसटीएफ व एलआईयू रहेगी सक्रिय
परीक्षा के दो घंटे पहले से ही एसटीएफ व एलआईयू परीक्षा केंद्रों के आसपास डेरा जमा लेंगे। इस दौरान अराजकतत्वों के साथ ही शिक्षक व केंद्र प्रभारियों की हर गतिविधि पर एसटीएफ पैनी निगाह रखेगी। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर एसटीएफ तत्काल कारईवाई करेगी।
दो सौ मीटर दायरे में बंद रहेंगे कैफे
टीईटी परीक्षा नकल विहीन संपन्न कराने के लिए सरकार के कड़े तेवरों के बीच डीएम ने ताकत झोंक दी है। जिसके तहत परीक्षा केंद्र से दो सौ मीटर दूरी के इंटरनेट कैफे व फोटो कापी की दुकानें रविवार बंद रहेंगी। डीएम के निर्देश पर पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित इंटरनेट कैफे को चिन्हित कर बंद रखने की नोटिस जारी कर दी है।
दो पालियों में चलेगी परीक्षा
प्राथमिक स्तर की परीक्षा पहली पाली में सुबह 10 से 12:30 बजे के बीच संपन्न होगी। इस दौरान 11,253 परीक्षार्थी भाग लेंगे। वहीं दूसरी पाली में जूनियर स्तर की परीक्षा शाम 3 से 5:30 बजे तक होगी। इस दौरान 5014 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
इन परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
शहर के जीआईसी, जीजीआईसी, जीआईसी चमरौली, केंद्रीय विद्यालय दही चौकी, राजा शंकर सहाय, आदर्श विद्या मंदिर गीतापुरम्, ब्रिलियंट इंटर कालेज एबी नगर, लखनऊ पब्लिक स्कूल पीडी नगर, माउंट लिट्रा जी स्कूल, न्यू एरा पब्लिक स्कूल गीतापुरम्, अटल बिहारी इंटर कालेज, डीएसएन डिग्री कालेज, राजकीय महाविद्यालय बक्खाखेड़ा, एसवीएम कालेज पूरनदास नगर, डा. वीरेन्द्र स्वरूप एजूकेशन सेंटर, सेंट ज्यूड्स पब्लिक स्कूल पीतांबर नगर, सरसैय्यद पब्लिक स्कूल पीडी नगर, सेंट लारेंस पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परिवहन विभाग बनेगा मददगार, आरपीएफ अलर्ट
टीईटी में जिले के ही नहीं गैर जनपदों के हजारों छात्र छात्राएं भाग लेंगे। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम परीक्षार्थियों का मददगार बनेगा। एआरएम आरके उपाध्याय ने बताया कि परीक्षा छूटने के समय लखनऊ व कानपुर रूट के लिए दो-दो रोडवेज बसें चलाई जाएंगी। बसें लखनऊ बाईपास पर मिलेंगी। इसके अलावा मौरावां व भोजपुर रूट पर भी दो-दो रोडवेज बसें विशेष तौर पर परीक्षार्थियों के लिए उन्नाव बस स्टाप पर मौजूद रहेंगी। उधर, आरपीएफ इंस्पेक्टर श्रीनिवास मिश्रा ने बताया कि परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए रविवार सुबह से देर रात तक स्टेशन परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ट्रेनों के साथ ही प्लेटफार्म पर रेलवे पुलिस बल के जवान मुस्तैद रहेंगे।