सिकंदरा(कानपुर देहात)। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर खोजाफूल गांव के पास रविवार को मोपेड सवार वृद्ध को वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर आक्रोशित ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। पुलिस ने लाठियां पटक कर लोगों को हटाया, जिससे करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका।
डेरापुर थाना क्षेत्र के नुनारी गांव निवासी गोविंद ने बताया कि पिता बलराम (65) मोपेड से खोजाफूल गांव निवासी अपनी बहन रामबती के यहां जा रहे थे। इसी दौरान खोजाफूल गांव के सामने हाईवे कट को पार करने के दौरान औरैया की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जा पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों ने ओवर ब्रिज बनवाये जाने व मुआवजा दिलाने को लेकर आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण मिश्रा, थाना प्रभारी मानिकचंद्र पटेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। वहीं तहसीलदार संजय कुमार कुशवाहा भी मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जिससे पुलिस ने लाठियां पटक भीड़ को तितर-बितर किया। वहीं जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मृतक के परिजनों को तहसीलदार व क्षेत्राधिकारी ने सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। थाना प्रभारी मानिकचंद्र पटेल ने बताया कि मृतक के परिजनों के द्वारा तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।