घाटमपुर (कानपुर )। कोतवाली के पासीखेड़ा गांव में एक युवक ने सांड़ को पीटने से मना करने पर ग्राम प्रधान की लाठियों से पिटाई कर दी। कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मारपीट और दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
घाटमपुर क्षेत्र के पासीखेड़ा गांव के ग्राम प्रधान कृष्णचंद्र उर्फ छुन्नालाल पासी ने बताया कि बीते बुधवार की शाम वह अपने घर के दरवाजे के बाहर बैठे खाना खा रहे थे। तभी उनके गांव का राजेश पुत्र भोगीलाल यादव एक सांड़ को लाठियों से पीटता हुआ निकला। बताया कि उन्होंने सांड़ को बेरहमी से पीटने से मना किया तो राजेश यादव ग्राम प्रधान से उलझ गया और जातिसूचक गालियां देते हुए लाठी लेकर ग्राम प्रधान पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने मामला शांत किया। इस दौरान ग्राम प्रधान को चोटें आईं।
गुरुवार को कोतवाली में ग्राम प्रधान कृष्णचंद्र पासी की तहरीर पर आरोपी राजेश यादव के खिलाफ मारपीट और दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक पीएन बाजपेई ने बताया कि मामले की जांच और आरोपी की तलाश की जा रही है।