अमर उजाला ब्यूरो
तिर्वा।
राजकीय पालीटेक्निक संस्थान में सोमवार की दोपहर वर्ष 2017 में पासआउट हुए छात्रों का प्रथम बार दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इसमें वर्ष 2013 के दौरान पासआउट हुए दो छात्रों को पालीटेक्निक संस्थान का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया। सफल छात्रों को प्राविधिक शिक्षा के उप निदेशक देवेंद्र वर्मा व व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विनोद गुप्ता ने संयुक्त रूप से एक-एक हजार का नगद पुरस्कार देकर उनके बेहतर भविष्य के लिए सफलता की कामनाएं कीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता, विशिष्ट अतिथि बुंदेलखंड व झांसी क्षेत्र के संयुक्त निदेशक प्राविधिक शिक्षा सुरेंद्र प्रसाद व कानपुर मंडल के प्राविधिक शिक्षा के उप निदेशक देवेंद्र कुमार वर्मा, पालीटेक्निक संस्थान के प्रधानाचार्य संतोष कुमार वर्मा, जिला उद्योग केंद्र से श्रीकृष्ण पाल के अलावा पराग डेरी, गोपाल डेरी के प्रतिनिधि ने संयुक्त रूप से वर्ष 2017 के इलेक्ट्रानिक ट्रेड के 24 छात्र-छात्राओं को अंकपत्र व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इलेक्ट्रानिक ट्रेड के सौरभ शाक्य व निधि यादव ने सर्वाधिक अंक पाकर विशेष पुरस्कार हासिल किया। इस मौके पर उप निदेशक ने बताया कि अभी तक पालीटेक्निक के छात्रों को तीन वर्ष बाद प्रमाण पत्र मिल पाता था। इस दिक्कत को दूर करने के लिए प्रदेश शासन ने पहली बार पालीटेक्निक संस्थानों में दीक्षांत समारोह का आयोजन कर उन्हें मौके पर ही अंकपत्र व प्रमाण पत्र की सुविधा प्रदान की है। प्रधानाचार्य संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि तिर्वा के राजकीय पालीटेक्निक संस्थान के प्रचार-प्रसार के लिए वर्ष 2013 में पास आउट हुए महेश गुप्ता जो कि मौजूदा समय में रेलवे में सहायक लोको पायलट हैं व कानपुर में तैनात सहायक अभियंता अभिषेक तिवारी को ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। इस दौरान संस्थान के एचओडी लिटिल कुमार, केके शुक्ला, विमल कुमार, लेक्चरर शर्मीला, अंजली सचान, दीपा रानी, पंकज शुक्ला, सुरजीत कुमार, कीर्तिका बाजपेयी, संगीता, रामनाथ वर्मा आदि मौजूद रहे।
दीक्षांत समारोह में सम्मानित किए मेधावी
-पालीटेक्निक के वर्ष 2017 में पास आउट हुए चौबीस छात्रों को अंकपत्र व प्रमाण पत्र मिला
-लोको पायलट महेश गुप्ता व सहायक अभियंता अभिषेक तिवारी बने संस्थान के ब्रांड एंबेसडर