अमर उजाला ब्यूरो
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। फेसबुक पर प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर को सौंपी गई है।
भाजयुमो और विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों ने कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव गदनपुर देवराजपुर निवासी अमन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। प्रभारी थानाध्यक्ष ने आरोपियों को पकड़ने के लिए उसके घरों पर दबिश दी। बुधवार देर रात पुलिस ने अमन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अमन ने बताया कि उसके गांव के ही उसके दोस्त कौशल ने उसकी फेसबुक आईडी पर
प्रधानमंत्री की फोटो पोस्ट की है। इस पर पुलिस ने कौशल को भी हिरासत में ले लिया। गुरुवार को विवेचना करने आए क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर प्रमोद शुक्ला ने आरोपियों और शिकायत कर्ताओं के बयान लिए। कौशल की निशानदेही पर मोबाइल बरामद किया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष हरिओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार को मुकदमा लिखने के तीन घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। गुरुवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। इस मामले में आईटी एक्ट के तहत कम से कम तीन साल की सजा और जुर्माना या फिर दोनों हो सकते हैं।
फोटो- 3 . कमालगंज थाने पर मौजूद आरोपियों के साथ प्रभारी एसओ व अन्य।
फोटो 4- विवेचना करते क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर प्रमोद शुक्ला।
प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले गए जेल
मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर को सौंपी गई