अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। मगरवारा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की सुबह एक युवती (30) दर्द से छटपटाती रही। कई घंटे बाद जीआरपी ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती के कपड़े अस्त-व्यस्त मिलने पर दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। जीआरपी सीओ ने बताया कि युवती के बैग से एटा के सवाहर टाउन से कानपुर तक का टिकट मिला है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति साफ होगी। उन्होंने बताया कि शिनाख्त न होने के कारण शव मुर्दाघर में रखवा दिया गया है। उधर, डाक्टर का कहना है कि इलाज में देरी होने के कारण युवती की मौत हुई है।
स्टेशन के एक नंबर प्लेटफार्म पर सुबह करीब आठ बजे एक महिला अस्त-व्यस्त अवस्था में पड़ी थी। वह दर्द से कराह रही थी। लोगों ने सूचना मौके पर मौजूद एसएम धर्मराज व अन्य अधिकारियों को दी, लेकिन किसी ने किसी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बाद लोगों ने इसकी जानकारी जीआरपी को दी। जीआरपी एसआई नवीन द्विवेदी ने महिला को जिला अस्पताल भेजवाया। जीआरपी एसओ
सीपी सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही एक दारोगा व सिपाहियों को मौके पर भेजा गया था। जीआरपी सीओ भारत सिंह ने कहा कि हो सकता है कि बीमारी हालत में वह कानपुर न उतर पाई हो और वह मगरवारा स्टेशन तक आ गई हो। यहां उतरने पर उसकी हालत अधिक बिगड़ी हो और इसमें ही उसकी मौत हुई हो। रेप की आशंका पर उन्होंने कहा कि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उधर, जिला अस्पताल के डाक्टरों की मानें तो महिला समय से अस्पताल पहुंच जाती तो उसकी जान बच सकती थी।
देर से मिला इलाज, युवती ने दम तोड़ा
मगरवारा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर घंटों तक पड़ी रही अज्ञात युवती
मृतका के पास से मिला एटा के सवाहर टाउन से कानपुर तक का टिकट