बांदा। झांसी में हुई मौत पर बांदा में पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनवाने का अनुचित दबाव बना रहे दो लोगों ने रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस में हंगामा काटा। इस हंगामे का वीडियो भी सोशल मीडिया में प्रचलित है। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है पोस्टमार्टम कर्मी ने सीएमओ से प्रकरण की शिकायत की है। महिला समेत दो लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस में शनिवार को दोपहर एक महिला व एक व्यक्ति पहुंचे। वहां तैनात पोस्टमार्टम कर्मी हरि लाल व चंदन से वह झांसी में हुई एक मौत पर बांदा से पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनवाने का दबाव डालने लगे। इस पर बहस हो गई। पोस्टमार्टम कर्मियों ने पोस्टमार्टम गेट बंद कर पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया।
हरि ने इस प्रकरण की सूचना सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव को दी। सीएमओ के आश्वासन देने पर पोस्टमार्टम कर्मियों ने पोस्टमार्टम शुरू किए। उधर, हरि ने कोतवाली में एक महिला व एक व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी है। शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर महिला माया व श्याम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।