इटावा। एमनीव विजन स्कूल में चार यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर का एडवांस लीडरशिप कैंप का शुभारंभ किया गया। कैंप में उत्तर प्रदेश निदेशालय और दिल्ली निदेशालय के लगभग 300 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहें हैं। इनमें आगरा, अलीगढ़, बरेली, गाज़ियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज, बनारस–ए, बनारस–बी के साथ दिल्ली से आए कैडेट्स शामिल हैं।
पहले दिन सभी कैडेट्स ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की। कैंप कमांडेंट कर्नल सुधांशु द्विवेदी ने बताया कि इस राष्ट्रीय नेतृत्व शिविर में एनसीसी कैडेट्स को लीडरशिप और एसएसबी परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। सूबेदार मेजर कपिल देव ने बताया कि कैडेट्स की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर स्वागत डेस्क की व्यवस्था की गई है, जहां से उन्हें कैंप तक लाने और ले जाने के लिए परिवहन की भी व्यवस्था की गई है। कैंप संचालन की व्यवस्था सूबेदार जीतराम, सूबेदार सुधीर व बीएचएम जितेंद्र पाल कर रहे हैं। इस अवसर पर एमनीव विजन स्कूल के चेयरमैन अतिवीर सिंह यादव, डॉ. विकास यादव व प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम की मेजबानी मिलने से विद्यालय परिवार गर्व महसूस कर रहा है। यह शिविर युवाओं को न केवल अनुशासन और नेतृत्व सिखाएगा, बल्कि उनमें राष्ट्रभक्ति, सेवा भावना और आत्मनिर्भरता का संस्कार भी जागृत करेगा।